Breaking News

सागर गिरी आश्रम में चोरी से श्रद्धालु दुखी

-वीरेन्द्र देव गौड़ एवं एम एस चौहान

बीती रात सागर गिरी आश्रम में लगाया गया चूल्हा चुरा लिया गया। सिलेन्डर को चेन से बाँधा गया था इसलिए सिलेन्डर को चोर नहीं ले जा पाए। तेगबहादुर मार्ग स्थित ब्रह्मलीन संत सागर गिरी महाराज आश्रम में चोरी की यह वारदात लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। इस वारदात से पहले चोरी की कोई जानकारी नहीं है। इसीलिए श्रद्धालु आश्चर्य में पड़ गए हैं कि चोर आखिर चूल्हा चुराने आया था यह फिर चूल्हा चुराकर श्रद्धालुओं को कोई संकेत दिया जा रहा है। बीते एक माह से सागर गिरी आश्रम श्रद्धालुओं के लिए श्रद्धा का विशेष केन्द्र बना हुआ है। प्रातः 5.00 बजे सागर गिरी आश्रम से पूजा पाठ के बाद धार्मिक प्रभात फेरी का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक प्रभात फेरी में श्रद्धालु बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। यह प्रभात फेरी सागर गिरी आश्रम से प्रस्थान करती है और आसपास का चक्कर लगाते हुए किसी श्रद्धालु के घर पहुँचती है जहाँ भजन कीर्तन और सत्संग होता है। इस भजन कीर्तन और सत्संग में श्रद्धालु उत्साह के साथ शामिल होते हैं और सुबह-सुबह धर्म लाभ प्राप्त करते हैं। कभी-कभी धार्मिक प्रभात फेरी सागर गिरी आश्रम से निकल कर वापस सागर गिरी आश्रम ही पहुँचती है और आश्रम में भजन कीर्तन और सत्संग चलता है। चर्चा यह भी है कि कुछ लोगों को सागर गिरी आश्रम में चल रहे इस धार्मिक-अध्यात्मिक आयोजन से परेशानी है। ये लोग नहीं चाहते कि सागर गिरी आश्रम में ऐसे अच्छे धार्मिक कार्यक्रम चलते रहें। क्योंकि ये कुत्सित मानसिकता के लोग सागर गिरी आश्रम के स्वरूप को मिटा डालना चाहते हैं। इसके पीछे जमीन का लालच बताया जाता है। अगर ऐसा है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण ही कहा जाएगा। श्रद्धालु नारियों में बीती रात हुई चोरी को लेकर आक्रोश है। ये महिलाएं इस चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराने जा रही हैं। विदित रहे कि धार्मिक प्रभात फेरियों का कार्यक्रम आगामी 8 नवम्बर तक विधिवत जारी रहेगा। श्रद्धालुओं से विनम्र अपेक्षा है कि वे सनातन संस्कृति को बनाए रखने के ऐसे पावन प्रयासों में अपना सहयोग जारी रखें और प्रभात फेरियों में शामिल होकर अध्यात्म का पुण्य अर्जित करें। संभव हुआ तो ऐसे कार्यक्रम अनवरत जारी रहेंगे ताकि श्रद्धालु सागर गिरि आश्रम का पुण्य लाभ प्राप्त करते रहें।

Check Also

प्राविधिक शिक्षा विभाग के अन्तर्गत राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2023

-नेशनल वार्ता ब्यूरो     देहरादून। उत्तराखण्ड़ प्राविधिक शिक्षा विभाग द्वारा महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज …