Breaking News

सागर गिरी आश्रम की धार्मिक प्रभात फेरियाँ चर्चा में

-वीरेन्द्र देव गौड एवं एम एस चौहान

अब सागर गिरी आश्रम तेगबहादुर मार्ग से आयोजित होने वाली धार्मिक प्रभात फेरियाँ देहरादून में चर्चा का विषय बनती जा रही हैं। इन प्रभात फेरियों में धार्मिक और अध्यात्मिक वातावरण का बोलबाला स्पष्ट रूप से महसूस किया जा सकता है। ऐसी धार्मिक प्रभात फेरियाँ हिन्दू सनातन धर्म में ही संभव हैं जो कि सबकी भलाई की कामना के लिए की जा रही हैं। आज पुनः सुबह पाँच बजे कडवा पानी स्थित अपने आश्रम से पूज्य महंत अनुपमा नंद गिरी महाराज और पूज्य व्यास शिवोहम बाबा सागर गिरी आश्रम तेगबहादुर मार्ग पहुँचे। श्रद्धालु भी आश्रम में पहुँचने शुरू हुए। माताएं बहनें रोज की तरह पूजा पाठ प्रारम्भ कर चुकी थीं। सागर गिरी आश्रम की चहल पहल आज कल बढ़ गई है। आज धार्मिक प्रभात फेरियों का नवम् दिन था। दोनों संतों ने आश्रम में पूजा पाठ सम्पन्न कर धार्मिक प्रभात फेरी का नेतृत्व संभाला। धार्मिक प्रभात फेरी में शामिल होने वाली महिलाओं और पुरूषों की संख्या बढ़ती जा रही है। श्रद्धालु इस धार्मिक प्रभात फेरी से बहुत प्रभावित लग रहे हैं। सागर गिरी आश्रम से श्रद्धालुओं का जत्था नेहरू कॉलोनी के फव्वारा चौक से होकर पॉली किड्स स्कूल मार्ग से होते हुए श्रद्धालु भगत सिंह रौथाण जी के पवित्र घर पहुँचा। रौथाण जी के आँगन में परम पूज्य संत अनुपमा नंद गिरी महाराज और पूज्य व्यास शिवोहम बाबा ने साधारण शब्दों में श्रद्धालुओं को प्रवचन के लाभ से धन्य किया। सुबह जल्दी उठने के तमाम लाभ तो महंत महाराज जी बताते ही हैं साथ में रामायण और महाभारत के प्रसंगों से श्रद्धालुओं को अमूल्य ज्ञान भी प्रदान करते हैं। इन महात्माओं का अंदाज निराला ही है। ये दोनों महात्मा बहुत सहज रूप में बहुत गंभीर बातें कह जाते हैं। इन दोनो महात्माओं के अन्दर सनातन धर्म के प्रचार प्रसार की प्रबल इच्छा विराजमान है। इस प्रबल इच्छा का हम सभी श्रद्धालुओं को भरपूर लाभ मिल रहा है। सनातन परम्परा धर्म के साथ-साथ संस्कृति का भी जीवंत स्वरूप है। ये दोनों महात्मा इसी तथ्य पर प्रकाश डालते रहते हैं। हमेशा की तरह आज भी रौथाण जी के घर पर श्रद्धालु प्रातःकालीन बेला में सहज ज्ञान प्राप्त कर स्वयं को धन्य महसूस कर रहे थे। ये सनातनी धार्मिक अलबेली प्रातः कालीन प्रभातफेरियाँ यों ही चलती रहेंगी। श्रद्धालुओं के उत्साह का सम्मान करते हुए कल भी यही धार्मिक आयोजन सम्पन्न होगा। कल परम पूज्य सागर गिरी आश्रम से धार्मिक प्रभात फेरी का श्री गणेश होगा और क्षेत्र के कुछ मार्गों से यह धार्मिक जन जागरण आगे बढ़ता हुआ सागर गिरी आश्रम में ही पहुँचेगा और यहाँ पहुँच कर प्रवचन, भजन कीर्तन के साथ-साथ पावन आरती होगी। इस तरह कल भी पूरे उत्साह के साथ यह धार्मिक आयोजन सम्पन्न होने जा रहा है। श्रद्धालुओं से यही अपेक्षा है कि वे भी इन दो महात्माओं के माध्यम से ब्रह्मा, विष्णु, महेश एवं सभी देवी देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त कर कल की अपनी दिनचर्या का शुभारम्भ करें।

Check Also

सियाराम बाबा एक बेजोड़ तपस्वी हैं

-वीरेन्द्र देव गौड़ एवं एम एस चौहान लगभग 109 साल के सियाराम बाबा जो कि …