Breaking News

29 विधानसभा क्षेत्रों में 29 विकास के एलईडी द्वारा फिल्मों के माध्यम से प्रचार किया जाएगा: धामी

देहरादून (सू0वि0)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री श्री बंशीधर भगत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष/ विधायक मदन कौशिक ने रविवार को ऊंचा पुल रामलीला मैदान से कुमाऊं क्षेत्र में सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों के व्यापक प्रचार- प्रसार के लिए विकास एवं जन सुझाव रथ/एलईडी वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कुमाऊं के 29 विधानसभा क्षेत्रों में 29 विकास एंव जनसुझाव रथों के एलईडी द्वारा फिल्मों के माध्यम से प्रचार किया जाएगा। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रचार साहित्य के माध्यम से आम जन तक योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सरकार की योजनाओं का यह प्रचार अभियान पूरे दिसंबर माह चलाया जायेगा।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जनहित में अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति पर खड़े लोगों तक पहुंचे और वे इन योजनाओं का पूरा लाभ ले सकें, इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार एवं प्रसार किया जा रहा है। समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। जन समस्याओं का समाधान सरकार की पहली प्राथमिकता है। सरकार जनता के साथ साझीदार के रूप में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश व देश गौरवशाली, स्वाभिमानी, सशक्त बना है। उन्होने कहा भारत सरकार ने प्रदेश में विकास हेतु 1 लाख करोड धनराशि की स्वीकृति दी है। प्रधानमंत्री शीघ्र कुमाऊॅ क्षे़त्र में आ रहे हैं व बड़ी विकास की सौगात दे कर जायेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिन-रात कार्य करते हुए वित्तीय प्रबन्धन के साथ विकास कार्यो को धरातल में उतार रही है। उन्होने कहा युवा प्रदेश को 25 वर्ष होने पर भारत का नम्बर एक प्रदेश बनाने हेतु रोड मैप तैयार किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री श्री बंशीधर भगत ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चौमुखी विकास हुआ है वहीं नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
प्रदेश अध्यक्ष भाजपा/विधायक श्री मदन कौशिक ने सम्बोधित करते हुए कहा कि कुमाऊं की विधानसभा हेतु 29 विकास एंव जन सुझाव एलईडी रथ रविवार को रामलीला मैदान से भेजे जा रहे है जबकि 41 रथ गढवाल क्षेत्र हेतु 16 दिसम्बर को देहरादून से भेजे जायेंगे। उन्होंने कहा इन रथों के माध्यम से विकास कार्यों एवं लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी क्षेत्र के अंतिम छोर तक पहुंचाई जायेगी वहीं रथों के माध्यम से जनता के सुझाव भी लिये जायेंगे ताकि जनता के सुझावों के आधार पर आगे की योजनाएं बनाई जायेगी। उन्होने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने प्रदेश व देश को आगे बढाया है साथ ही पूरे विश्व में देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जो कहती है वही करती है, सरकार द्वारा प्रदेश में विगत 5 वर्षो में विकास कार्यो के कीर्तिमान स्थापित किये हैं साथ ही सैनिकों का सम्मान बढ़ाया है।
इस अवसर जिलापंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, उपाध्यक्ष आनन्द दरम्वाल, जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, प्रदीप जौनोटी, सुरेश भट्ट, महापौर डॉ. जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, एसएसपी प्रीति प्रियदर्शनी सहित अनेक गणमान्य व अधिकारी मौजूद थे।

Check Also

Dehradun’s Journey Towards Cleanliness: From Waste Collection to Civic Responsibility

For a city like Dehradun, the capital of Uttarakhand and the gateway to several important …

Leave a Reply