Breaking News

साकार हो रहा है, नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने का संकल्प: बघेल

-मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश स्तरीय वर्चुअल कार्यक्रम में ६०८० करोड़ रूपए की लागत के ७३०० कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

-दूरस्थ आदिवासी अंचलों के विकास पर सर्वाधिक फोकस

मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में २६ जिलों में ६०८० करोड़ रूपए की लागत के ७३०० कार्यों का एक साथ लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन कार्यों में से २६६८ करोड़ रूपए की लागत के ३९७८ कार्यों का लोकार्पण, २८०५ करोड़ रूपए की लागत के २६९२ कार्यों का भूमिपूजन और ६०६ करोड़ रूपए की लागत के ६३० कार्यों का शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने का संकल्प साकार हो रहा है। राज्य सरकार द्वारा अधोसंरचना विकास और निर्माण के कार्यों के साथ-साथ किसानों, मजदूरों, लघु वनोपज संग्राहकों सहित सभी वर्गों की बेहतरी के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की अभिनव योजनाओं और नवाचारों की चर्चा पूरे देश में हो रही है। आज जिन कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ है, उनमें सूरजपुर, दंतेवाड़ा, बलरामपुर जैसे जिलों में सर्वाधिक काम हुए हैं। दूरस्थ अंचलों पर ज्यादा फोकस किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी प्राथमिकता आम जनता की आय में वृद्धि कर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है, इसके लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। छत्तीसगढ़ में किसानों को धान, कोदो, कुटकी, रागी, गन्ना सहित विभिन्न उपजों का सबसे ज्यादा मूल्य मिल रहा है। देश के तीन चौथाई लघु वनोपज का संग्रहण छत्तीसगढ़ में किया जाता है। तेंदूपत्ता की सबसे ज्यादा कीमत यहां मिल रही है। आवासहीनों को घर की छत दिलाने के लिए कल एक नयी योजना छत्तीसगढ़ ग्रामीण आवास न्याय योजना प्रारंभ की गई है, जिसके तहत ७ लाख आवासहीनों को पहली किस्त के रूप में २५-२५ हजार रूपए की राशि दी गयी है। सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण में नये ४७ हजार पात्र लोगों को तथा श्रमिकों को भी आवास निर्माण के लिए राशि दी गई है। राज्य सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किये गए है। अपनी छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपरा को मजबूत बनाने का काम किया गया है। राज्य सरकार का यह प्रयास है कि प्रदेश में चहुंमुखी विकास को गति मिले।

गृह एवं लोक निर्माण मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल के नेतृत्व में सभी वायदे पूरे किए हैं। सभी वर्गों के लिए योजनाएं बनायी गई। अधोसंरचना विकास के लिए पांच वर्षों में सड़क, पुल-पुलिया बनाने के कार्य बड़े पैमाने पर हुए है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि विकास के कार्यों में राज्य सरकार ने राशि की कमी नहीं होने दी। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों का भूमिपूजन किया गया है, वे जल्दी प्रारंभ किए जाए। नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पांच वर्षों में किए गए कार्य छत्तीसगढ़ के विकास के लिए मील का पत्थर साबित हुए हैं। वन एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि आज ६०८० कार्यों का लोकर्पण एवं भूमिपूजन किया गया है, जिससे यह साबित होता है कि अधोसंरचना विकास में राज्य सरकार द्वारा कोई कमी नहीं होने दी गई। उन्होंने इन विकास कार्यों से लाभान्वित होने वाले लोगों को शुभकामनाएं दीं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री अमरजीत भगत ने कहा कि आज प्रदेशवासियों के लिए खुशी का दिन है, छत्तीसगढ़ के विकास का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।

प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में दंतेवाड़ा जिले में ४९५ करोड़ रूपए की लागत के २५० कार्यों, नारायणपुर में ३०२ करोड़ रूपए की लागत के ७७५, मोहला-मानपुर-चौकी में ३७.५६ करोड़ रूपए के ४९, राजनांदगांव में ३२ करोड़ रूपए की लागत के ८० कार्यों, बालोद में ४२४.३७ करोड़ रूपए की लागत के ६२०, धमतरी में २११ करोड़ रूपए के ८९५ कार्य, गरियाबंद में १४० करोड़ रूपए के ३३० कार्य, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई में ५६.८६ करोड़ रूपए के ११ कार्य, दुर्ग जिले में ६९ करोड़ रूपए के २१ कार्य, रायपुर जिले में ३८५ करोड़ रूपए के ६९५ कार्य, महासमुंद जिले में १४५.३३ करोड़ रूपए के ८३ कार्य, बेमेतरा जिले के ३०४.४९ करोड़ रूपए के २०३ कार्यों, कबीरधाम में ३५५.५ करोड़ रूपए के १३३ कार्यों, मुंगेली में १२३.५३ करोड़ रूपए के २४३ कार्य, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में ४४.३७ करोड़ रूपए के ८३ कार्य, जांजगीर-चांपा जिले में ४६.५० करोड़ रूपए के ८० कार्य, सक्ती में २८० करोड़ रूपए के १९४ कार्य, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में १८५ करोड़ रूपए के ३३६ कार्य, कोण्डागांव में १९ लाख रूपए की लागत के ०१ कार्य, रायगढ़ में १३१ करोड़ रूपए के ६९१ कार्य, कोरबा में १५०.५१ करोड़ रूपए की लागत के ७३ कार्य, जशपुर में ४४७.३८ करोड़ रूपए की लागत के ९०६ कार्य, सरगुजा में २०३.४४ करोड़ रूपए की लागत के २६२ कार्य, सूरजपुर में ७३४.६० करोड़ रूपए के २५९ कार्य, कोरिया जिले में १०३.६२ करोड़ रूपए के १०९ कार्य, बलरामपुर जिले में ३९३.२२ करोड़ रूपए के ६५ कार्य तथा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में १४.५० करोड़ रूपए की लागत के ०२ कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री  टी.एस. सिंहदेव, राजस्व मंत्री  जयसिंह अग्रवाल, राज्य योजना आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, संसदीय सचिव  चिंतामणि महाराज, विधायक  चक्रधर सिंह, मुख्य सचिव  अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव  सुब्रत साहू, प्रमुख सचिव गृह  मनोज पिंगुआ, मुख्यमंत्री के सचिव अंकित आनंद, डॉ. एस. भारतीदासन, विशेष सचिव आवास एवं पर्यावरण विभाग  महादेव कांवरे उपस्थित रहे।


Check Also

सीएम धामी छतीसगढ में नव निवनिर्वाचित सीएम विष्णुदेव साय के शपथ ग्रहण समारोह में हुये शामिल

देहरादून (सू0वि0)।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रायपुर, छतीसगढ में नव निवनिर्वाचित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शपथ …