Breaking News

श्रद्धा के आँसू छलक आए उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश की झाँकियों को देखकर

नेशनल वार्ता ब्यूरो
73वें गणतंत्र दिवस की परेड में भी हर साल की तरह देश की अन्तर्रात्मा के दर्शन हुए। सभी झाँकियाँ लुभावनी रहीं। उत्तराखण्ड की झाँकी में देश के दर्शकों को ईश्वर के साक्षात् दर्शन हुए। साथ में विकास की भागीरथी भी बहती नजर आई। गुरू गोविन्द सिंह जी के पूर्व जन्म की तपस्थली हेमकुण्ड साहिब को देखते ही लोग झूम उठे। लोगों ने शायद इस झाँकी की कल्पना नहीं की थी। इस झाँकी ने दशम गुरु गोविन्द सिंह जी के साथ-साथ सभी गुरुओं की परम ओजस्वी जीवन धारा को जीवन्त कर दिया। फिर भगवान विष्णु के परम धाम श्री बदरीनाथ जी के विराट देवालय को देखकर राज्य के लोगों की आँखों में श्रद्धा के आँसू छलक आए। दोनों धामों को एक साथ अगल-बगल इस तरह देख पाना एक दुर्लभ अवसर रहा। झाँकियों के इस मेले में विकास और अध्यात्म को जोड़कर चलने की परम्परा को सहज अन्दाज में देखा गया। 73 वर्षाें के इतिहास में यह पहला अवसर कहा जा सकता है जब देश के लोगों को विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के साथ पूज्य हेमकुण्ड साहिब का जीता जागता स्वरूप सुलभ हुआ।
उत्तर प्रदेश की झाँकी ने श्रद्धालुओं की उमंगों को आकाश तक पहुँचा दिया। जैसे ही श्री काशीनाथ कोरिडोर का मृदुल गीत कानों में पड़ा श्रद्धालु लहरा उठे। चमचमाते स्वर्ण कलश की छाँव में दमदमाते नये नवेले शिवालय की झल्की पाते ही बाबा भेलेनाथ का विराट स्वरूप श्रद्धालुओं के आगे आकर प्रकट हो गया। इन जीवंत झाँकियों ने गंगा की लहरों तक को विचलित कर दिया होगा। जहाँ एक ओर उत्तराखण्ड की धार्मिक झाँकी में उच्च तकनीकि सम्पन्न विकास झलक रहा था वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश की झाँकी में अध्यात्म और नये भारत के विकास की चरम रफ्तार के दर्शन हो रहे थे। वैसे भी उत्तराखण्ड माँ गंगा का मायका है और माँ गंगा उत्तर प्रदेश की शस्य श्यामला धरती को अपने पवित्र जल से धन्य-धन्य करती हुई बिहार और पश्चिम बंगाल से होते हुए पवित्र गंगा सागर में समा जाती है। इन दो झाँकियों के लिए उत्तराखण्ड सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग के साथ उत्तर प्रदेश के जन सम्पर्क विभाग की जितनी सराहना की जाए वह कम है। क्योंकि दोनों ही झाँकियों में झाँकियों के दोनों तरफ और झाँकी के अन्तर्गत जो परिवेश उतारा गया वह लोगों में भूरि-भूरि प्रशंसा का कारण बन रहा है। सांस्कृतिक लय-ताल ने तो दोनों झाँकियों में कई चाँद ही लगा दिये।


Check Also

यूट्यूबर एल्विश यादव को मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी का समन

-नेशनल वार्ता ब्यूरो -रेव पार्टियों से जुड़ा है मामला, 23 जुलाई को पेशी का आदेश …

Leave a Reply