गांधीनगर । गुजरात की राजधानी गांधीनगर स्थित गुजरात सचिवालय में देर रात एक तेंदुआ घुस गया। सीसीटीवी फुटेज में तेंदुआ दिखने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वन विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से उसकी तलाश करने और उसे पकडऩे के लिए अभियान चला रही हैं।सीसीटीवी फुटेज में तेंदुआ गेट नंबर सात से अंदर घुसते हुए दिखा, जिसके बाद कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी गई। वन विभाग और पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर विडियो देखा और उसे पकडऩे का प्लान तैयार किया। सुरक्षा के लिहाज से सबसे मजबूत क्षेत्र में घुसा यह तेंदुआ रात करीब 2 बजे सचिवालय में दाखिल हुआ और फिलहाल उसका पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि सचिवालय के कर्मचारियों व अन्य लोगों को सर्च ऑपरेशन खत्म होने तक अंदर जाने से रोका गया है। गांधीनगर एसपी मयूर चावला का कहना है कि सबको सुरक्षित रखना पहली प्राथमिकता है। तेंदुए को पकड़ लिया गया है या फिर वह चला गया है, यह सुनिश्चित होने के बाद ही बाकियों को अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी। फिलहाल 100 से ज्यादा लोगों को इस ऑपरेशन में लगाया गया है और सभी संभावित जगहों की जांच की जा रही है। इसी सचिवालय में सीएम विजय रूपाणी का कार्यालय भी है व अन्य मंत्री भी बैठते हैं।
National Warta News