Breaking News

भारत स्काउट एंड गाइड उत्तराखंड के अध्यक्ष डॉ. धन सिंह रावत नॉर्दर्न रीजन से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित, उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय

नई दिल्ली/देहरादून । भारत स्काउट एंड गाइड के राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय परिषद की बैठक में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं भारत स्काउट एंड गाइड उत्तराखंड के अध्यक्ष डॉ. धन सिंह रावत को नॉर्दर्न रीजन से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। उनके निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा के बाद उत्तराखंड राज्य मुख्यालय में हर्ष की लहर है। यह उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है कि राज्य का प्रतिनिधित्व अब राष्ट्रीय स्तर पर होगा। विशेष बात यह है कि इस स्तर के पद पर उत्तराखंड से पहली बार किसी नागरिक को राष्ट्रीय मुख्यालय में अवसर प्राप्त हुआ है।
डॉ. धन सिंह रावत का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर चयन राज्य के स्काउटिंग एवं गाइडिंग आंदोलन के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे उत्तराखंड में स्काउटिंग गतिविधियों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
भारत स्काउट एंड गाइड केवल एक संगठन नहीं, बल्कि युवाओं के सर्वांगीण विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। स्काउटिंग एवं गाइडिंग के माध्यम से बच्चों और युवाओं में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, सहयोग, सेवा भावना, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे गुण विकसित किए जाते हैं। यह संगठन युवाओं को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए भी तैयार करता है।
स्काउट-गाइड आंदोलन का मूल उद्देश्य युवाओं को एक जिम्मेदार, संवेदनशील और जागरूक नागरिक बनाना है। इसके अंतर्गत युवाओं को समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा, सामुदायिक सहयोग तथा राष्ट्रीय एकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों से जोड़ा जाता है। प्राकृतिक आपदाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों में स्काउट-गाइड के प्रशिक्षित सदस्य अपनी सेवाओं के माध्यम से समाज और प्रशासन का सहयोग करते हैं।
स्काउटिंग युवाओं में जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर मानवता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करती है। यही कारण है कि भारत स्काउट एंड गाइड देश के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड को प्रतिनिधित्व मिलना राज्य के स्काउट-गाइड आंदोलन के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।
भारत स्काउट एंड गाइड के नॉर्दर्न रीजन में निम्नलिखित राज्य, केंद्र शासित प्रदेश एवं संस्थाएं शामिल हैं—
उत्तराखंड
उत्तर प्रदेश
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
पंजाब
चंडीगढ़
जम्मू एवं कश्मीर
केंद्रीय विद्यालय संगठन
नवोदय विद्यालय समिति
नॉर्दर्न रेलवे
नॉर्थ सेंट्रल रेलवे
नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे
इस प्रकार नॉर्दर्न रीजन का दायरा काफी व्यापक है, जिसमें कई राज्य, केंद्र शासित प्रदेश, रेलवे तथा शैक्षणिक संस्थान शामिल हैं। इतने बड़े क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर डॉ. धन सिंह रावत का निर्विरोध निर्वाचन उत्तराखंड के लिए विशेष उपलब्धि है।
इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि वे युवाओं में अनुशासन, सेवा और नेतृत्व की भावना को बढ़ावा देने के लिए कार्य करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि स्काउटिंग एवं गाइडिंग की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा अधिक से अधिक युवाओं को इस आंदोलन से जोड़कर उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाया जाए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की संभावना
भारत स्काउट एंड गाइड के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद हेतु भी चुनाव होने की संभावना है। इस पद के लिए प्रमुख दावेदारों के नाम निम्न प्रकार हैं—
श्री कल्पेश सत्येंद्र जवेरी – पूर्व प्रादेशिक सचिव, भारत स्काउट एंड गाइड एवं चीफ जस्टिस, उड़ीसा।
श्री अशोक अर्गल – पूर्व वरिष्ठ सुप्रसिद्ध सांसद एवं पूर्व स्काउट कमिश्नर तथा स्टेट चीफ कमिश्नर।
श्री अनिल कुमार जैन – पूर्व राज्यसभा सदस्य एवं निवर्तमान अध्यक्ष, भारत स्काउट एंड गाइड।
श्री देवेंद्र गंगाधर फडणवीस – मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र एवं स्काउट तथा पूर्व स्काउट लीडर और स्काउट-गाइड के संरक्षक।
इन पदों के लिए चुनाव होने की संभावना है। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 7 नवंबर 2026 को सायं 5:00 बजे तक निर्धारित है।
उल्लेखनीय है कि माननीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का चुनाव नॉर्दर्न रीजन से निर्विरोध हुआ है। नॉर्दर्न रीजन के अंतर्गत कई प्रदेशों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के साथ-साथ विभिन्न रेलवे, केंद्रीय विद्यालय संगठन तथा जवाहर नवोदय विद्यालय समिति जैसी संस्थाएं भी आती हैं।
डॉ. धन सिंह रावत का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय होने के साथ-साथ प्रदेश में स्काउटिंग एवं गाइडिंग गतिविधियों को नई दिशा देने का अवसर भी है। उम्मीद है कि उनके राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने से विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों का विस्तार होगा तथा अधिक से अधिक विद्यार्थी इस संगठन से जुड़कर अनुशासन, सेवा, सहयोग, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात कर सकेंगे। स्काउटिंग का वास्तविक उद्देश्य भी युवाओं को केवल अच्छे विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि अच्छे इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनाना है।(प्रेषक -विश्व प्रकाश मेहरा, मीडिया संवाददाता, भारत स्काउट एंड गाइड, उत्तराखंड )

Check Also

Science Popularisation Cell of SSJDWSSS Government P.G. College, Ranikhet, Organises Workshop on Vedic Mathematics

-Workshop highlights simple calculation techniques, logical thinking and problem-solving skills among students Ranikhet (Almora) : …