Breaking News

मुख्यमंत्री धामी ने थत्यूड़ में विभिन्न योजनाओं का किया लोकार्पण

देहरादून (सू0वि0)। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद टिहरी क्षेत्रान्तर्गत परोगी(अगलाड़) थत्यूड़ में विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने अठजूला क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधान सभा क्षेत्र धनोल्टी की विभिन्न विकास योजनाओं के तहत लगभग १२६.५८ करोड़ रुपए की २९ योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्र के लोगों को विकास की सौगात दी गई। जिसमें २१.५३ करोड़ रुपए के ०७ लोकार्पण एवं १०५.०५ करोड़ रूपये के २२ शिलान्यास शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने परोगी में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की स्थापना की स्वीकृति प्रदान करने तथा अठजूला क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास समिति, परोगी नैनबाग जौनपुर टिहरी गढ़वाल को इस वर्ष महोत्सव हेतु 02 लाख देने की घोषणा भी की । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम, मेले एवं महोत्सव गांवों को जोड़ने का कार्य करने के साथ ही लोक संस्कृति को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि अपनी लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए इगास के दिन अवकाश घोषित की गई। आज लगभग १२५ करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया, जिसमें लम्बे समय से मांग की जा रही काण्डी पमिं्पग पेयजल योजना भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक लोगों की सेवा के लिए तत्पर है। अधिकारियों को सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारण के मूल मंत्र पर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री अकादमी में आयोजित चिंतन शिविर में राज्य के विकास के लिए अनेक विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को 2025 तक देश के श्रेष्ठ राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। सभी प्रदेशवासियों के सहयोग से उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। वैश्विक स्तर पर भारत का मान, सम्मान एवं स्वाभिमान बढ़ा है। विधायक राजपुर खजान दास एवं विधायक धनोल्टी प्रीतम सिंह पंवार द्वारा भी जनता को सम्बोधित किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा जो विकास कार्य किये जा रहे हैं, वह दिख रहे हैं, जितनी भी घोषणाएं की गई हैं, वह पूरी हो रही है। विकास गोष्ठियां विकास का एक मंच होता है। इस अवसर पर उन्होंने नंदा गौरा कन्या योजना में आने वाली समस्याओं के शीघ्र समाधान की भी बात कही। विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने परोगी क्षेत्र में मुख्यमंत्री  धामी का स्वागत करते हुए उन्हें लोक संस्कृति प्रेमी बताया। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री जी का इस क्षेत्र से विशेष लगाव है। हमारे जौनपुर क्षेत्र ने हमेशा हमारी लोक संस्कृति, खान पान का संरक्षण किया है। उन्होंने कहा आज मुख्यमंत्री जी द्वारा १२६ करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है, जो इस क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इस मौके पर जिला प्रशासन द्वारा बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉलों के माध्यम से केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उपकरण, दवा एवं बीज वितरित किये गये। आयुष विभाग द्वारा ६० लोगों को दवा वितरण, स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगभग ०४ लोगों का पंजीकरण / स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरित की गई तथा 10 लोगों का कोविड वैक्सीनेशन किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा १७ नये पेंशन के आवेदन पत्र प्राप्त किये गये। कृषि विभाग द्वारा 28 लोगों को कृषि बीमा एवं 05 लोगों सब्सिडी पर कृषि यंत्र वितरित किये गये। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री भाजपा आदित्य कोठारी, जिलाध्यक्ष भाजपा राजेश नौटियाल, अध्यक्ष डीसीबी  सुभाष रमोला, जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल डॉ. सौरभ गहरवार, एसएसपी  नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी  मनीष कुमार, अपर जिलाधिकारी रामजी शरण शर्मा, अध्यक्ष अठजूला क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास समिति परोगी  रणवीर सिंह सजवाण, मण्डल अध्यक्ष भाजपा नैनबाग हुकुम सिंह, ब्लॉक प्रमुख जौनपुर सीता रावत, जिला पंचायत सदस्य कविता रौतेला, डीडीओ सुनील कुमार, उपजिलाधिकारी धनोल्टी लक्ष्मीराज चैहान सहित अन्य गणमान्य एवं क्षेत्रीय जनता मौजूद रहे।

Check Also

Ranikhet College Empowers Young Women Through “She for STEM – Cohort 2.0”, Inspiring a New Generation of Scientists

Five students selected for the Global STEM Accelerator Programme felicitated by MLA Pramod Nainwal; rural …