Breaking News

कपाट खुलने के अवसर पर सीएम ने केदारनाथ में की पूजा अर्चना

देहरादून (सूचना विभाग) ।  ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले गये।  बाबा केदार में पहली पूजा प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नाम से की गई। श्रद्धालुओं पर की गई पुष्प वर्षा। कपाट खुलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने  केदारनाथ में की पूजाअर्चना। मुख्यमंत्री ने देश एवं प्रदेश की सुखसमृद्धि की बाबा केदार से की प्रार्थना। ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम के कपाट विधि विधान के साथ मंगलवार को सुबह ६ बजकर २० मिनट पर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिये गये हैं।  केदारनाथ में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नाम से की गई। रावल भीमाशंकर लिंग तथा पुजारी शिवलिंग एवं धर्माचार्यों द्वारा पूजा अर्चना की गई। कपाट खुलते समय सेना के बैंड तथा भजन कीर्तन एवं जय केदार के उदघोष से केदारनाथ धाम गुंजायमान रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गयी। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री केदारनाथ में पूजाअर्चना कर देश एवं प्रदेश की सुखसमृद्धि की कामना की। सभी देश एवं प्रदेशवासियों के सुखमय जीवन की उन्होंने बाबा केदार से प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत भी किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मुख्य सेवक द्वारा आयोजित भंडारा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड की चारधाम यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए हर संभव प्रयास किये गये हैं। समाजिक संगठनों, स्वयं सेवी संस्थाओं का भी यात्रा के लिए पूरा सहयोग मिल रहा है। पिछले वर्षों के अनुभवों के आधार पर यात्रा व्यवस्थाओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया गया है। उन्होंने बाबा केदार के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौसम की जानकारी लेकर बाबा केदार के दर्शन लिए आयें, ताकि किसी को भी मौसम की वजह से कोई असुविधा न हो। गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम में यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। २७ अप्रैल को भगवान बद्री विशाल के कपाट भी श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुल जायेंगे। इस अवसर पर बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, विधायक केदारनाथ श्रीमती शैला रानी रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, जिला अध्यक्ष भाजपा सिंह महावीर पंवार, पूर्व अध्यक्ष भाजपा  दिनेश उनियाल, जिलाधिकारी मयूर दिक्षित, पुलिस अधीक्षक  विशाखा अशोक भदाणे, मुख्य कार्याधिकारी केदारनाथ योगेंद्र सिंह एवं श्रद्धालु मौजूद थे।

Check Also

Ranikhet College Empowers Young Women Through “She for STEM – Cohort 2.0”, Inspiring a New Generation of Scientists

Five students selected for the Global STEM Accelerator Programme felicitated by MLA Pramod Nainwal; rural …