Breaking News

नए संकल्पों को लेकर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही सरकार: सीएम

देहरादून (सूचना विभाग) । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आईएसबीटी, देहरादून स्थित एक निजी होटल में आयोजित अमर उजाला संवाद 2023 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के अंतर्गत सरकार नए संकल्पों को लेकर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है। सरकार गंभीरता से राज्य के आमजन तक शासनप्रशासन की प्रत्येक सुविधाएं पहुंचा रही है। धरातल में सरकार द्वारा किए गए कार्य दिखने लगे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का उत्तराखंड राज्य से विशेष लगाव है। उन्होंने उत्तराखंड राज्य को विकास के नवरत्न समर्पित किए हैं। उत्तराखंड का विकास यहां के शहीद राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप हो, इस पर सरकार निरंतर कार्य कर रही है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों से परिपूर्ण हमारे राज्य में विभिन्न तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इन चुनौतियों का सामना कर राज्य सरकार लगातार विकास के कदमों को आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड राज्य में सड़क, हवाई, रेलवे कनेक्टिविटी पर कार्य कर रही है। चौतरफा सड़कों का जाल बिछ रहा है, दिल्ली से देहरादून एलिवेटेड सड़क का कार्य गतिमान है। आगामी समय में बड़े शहरों की आपसी कनेक्टिविटी, सुगम और सरल होगी। गढ़वाल एवं कुमाऊं की आपसी कनेक्टिविटी को भी सुधारा गया है। उन्होंने कहा सड़क कनेक्टिविटी के सुगम होने से बड़ी संख्या में पर्यटक उत्तराखंड आ रहे हंै। आज उत्तराखंड राज्य पूरे देश में आकर्षण का केंद्र बन रहा है। राज्य सरकार दीर्घकालीन नीतियां बनाकर सड़कों, बाईपास, बुनियादी ढांचे का निर्माण कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस अमृत काल में उत्तराखंड देश के सर्वश्रेष्ठ राज्य के रूप में आगे बढ़े इसके लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है। राज्य सरकार आस्था और व्यवस्था पर संतुलन बनाकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा पिछले वर्ष कावड़ यात्रा में ४ करोड़ से अधिक कावड़िए उत्तराखंड आए। सरकार ने कावड़ यात्रा के लिए अलग से बजट का प्रावधान किया। सबकी सहभागिता से इस वर्ष भी हम चार धाम यात्रा एवं कावड़ यात्रा को सकुशल संपन्न करवाएंगे। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता कानून लाने का वादा किया था। जिस पर कार्य चल रहा है। समिति अपना फाइनल ड्राफ्ट तैयार कर रही है। हम प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं। उत्तराखंड राज्य के अंतर्गत सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने पर लगातार कार्य जारी है और आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा राज्य में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। यह अधिकार किसी को नहीं है कि कोई कानून अपने हाथों में ले। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से आज युवाओं में विश्वास पैदा हुआ है। लंबे समय से परीक्षाओं में चली आ रही नकल पर सख्ती से नकेल कसने का कार्य हुआ है। अभी तक ८० से ज्यादा नकल माफियाओं को जेल में डाला गया है। राज्य सरकार नकल विरोधी कानून लाई, जिसमें नकल करने एवं करवाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के साथ ही स्वरोजगार के लिए भी रास्ता खोल रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारा राज्य प्राकृतिक सौंदर्य, स्वच्छ पर्यावरण से आच्छादित है। हमारे राज्य की यह सुंदरता बनी रहे इसके लिए राज्य सरकार प्रत्येक वर्ष हरेला पर्व के उपलक्ष पर बड़े स्तर पर पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का कार्य करती है। उन्होंने कहा उत्तराखंड राज्य के निर्माण में महिलाओं का बड़ा योगदान रहा है। महिलाओं को नौकरियों में ३० प्रतिशत आरक्षण देने का विधेयक पारित किया गया। राज्य सरकार विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत महिलाओं को लखपति बनाने पर भी कार्य कर रही है। इस दौरान कार्यक्रम में मैनेजिंग डायरेक्टर अमर उजाला  तन्मय माहेश्वरी, स्वामी चिदानन्द सरस्वती, पद्म भूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, महानिदेशक सूचना  बंशीधर तिवारी,  दयाशंकर शुक्ला,  नीरज मिश्रा एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Check Also

Grand Employment Fair Organised at Government Postgraduate College, Ranikhet; 112 Candidates Participate

Ranikhet :A grand Employment Fair was organised at Government Postgraduate College, Ranikhet, on November 3, …