बेंगलुरु । कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। बेंगलुरु साउथ तालुक के मादापट्टना इलाके स्थित एक पत्थर की खदान में अचानक विशालकाय चट्टान ढहने से बिहार के 7 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब मजदूर खदान में पत्थर तोड़ने और खुदाई का काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, साइट पर करीब 18 मजदूर मौजूद थे। इसी दौरान लगभग 40 फीट की ऊंचाई से एक भारी-भरकम चट्टान अचानक मजदूरों पर आ गिरी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। मृतक सभी दिहाड़ी मजदूर थे और स्टोन क्रशर साइट पर काम करते थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबा हटाने का अभियान तुरंत शुरू किया गया और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन अभी घायलों की संख्या और मलबे में अन्य मजदूरों के फंसे होने की आशंका की जांच कर रहा है।
हादसे के बाद प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है। राहत दल यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि मलबे के नीचे कोई अन्य व्यक्ति न फंसा हो।
पुलिस ने पुष्टि की है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी सात मजदूर बिहार के रहने वाले थे। उनके परिजनों को घटना की सूचना दी जा रही है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हादसा किन कारणों से हुआ और क्या खदान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई थी।
00
National Warta News