Breaking News

अनुशासन, सेवा और साहस का पाठ पढ़ाकर संपन्न हुआ स्काउट गाइड तृतीय सोपान शिविर

खेतीखान। राजकीय इंटर कॉलेज खेतीखान में 14 से 18 सितंबर 2026 तक आयोजित पांच दिवसीय स्काउट गाइड तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर अनुशासन, सेवा, साहस और आत्मनिर्भरता के विविध अनुभवों के साथ संपन्न हुआ। शिविर में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे स्काउट-गाइड ने प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यवहारिक गतिविधियों में प्रतिभाग कर स्काउटिंग की मूल भावना को आत्मसात किया।
शिविर का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री चौहान, ब्लॉक सचिव स्काउट लोहाघाट श्री दिनेश जोशी, लीडर ऑफ कैंप स्काउट श्री हरीश चंद्र गहतोड़ी, श्रीमती किरन पंगरिया लीडर आफ कैम्प गाइड तथा श्री कैलाश जोशी,सुमन पुनेठा जी ने दीप प्रज्वलित कर किया। पंजीकरण के साथ शुरू हुए प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को स्काउटिंग की परंपरा और अनुशासन से परिचित कराया गया।
दूसरे दिन जनपद के वरिष्ठ स्काउट प्रशिक्षकों डॉ. बी.सी. जोशी, जिला सचिव स्काउट-गाइड श्री डी.के. जोशी तथा जनपदीय प्रशिक्षण आयुक्त श्री जनार्दन गडकोटी ने स्काउटिंग के इतिहास, प्रतिज्ञा, नियम, प्रार्थना, झंडा गीत और अनुशासन की विस्तार से जानकारी दी। वयोवृद्ध शिक्षक श्री चिरंजी लाल वर्मा ने शिविर को आशीर्वचन दिया, जिसका स्काउट-गाइड ने भावपूर्ण स्वागत किया।
तीसरे दिन स्काउट मास्टर श्री भूपेंद्र सिंह देव ताऊजी ने कैंपिंग, अनुमान, नक्शा-पठन, लॉगबुक निर्माण तथा परीक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिया। गाइड कैप्टन श्रीमती किरण पंगारिया ने बीपी सिक्स व्यायाम और प्राथमिक चिकित्सा का अभ्यास कराया। श्री हरीश चन्द्र गहतोड़ी ने गांठ बंधन, प्रतिज्ञा और नियमों का प्रशिक्षण दिया, जबकि श्रीमती सुमन पुनेठा ने प्रार्थना एवं झंडा गीत का अभ्यास कराया।
चौथे दिन प्रशिक्षण अपने व्यवहारिक स्वरूप में पहुंचा। परीक्षा के साथ एस.टी.ए. कार्यक्रम, स्वच्छता एवं सेवा भावना से जुड़ी गतिविधियां कराई गईं। हाइक के दौरान संकेतों और निशानों को समझने की कला का अभ्यास कराया गया। श्री हरीश चन्द्र गहतोड़ी के निर्देशन में एक टीम आगे भेजी गई, जिसे दूसरी टीम ने संकेतों का अनुसरण करते हुए खोज निकाला। मार्ग में टूटे रास्तों की मरम्मत कर स्काउट-गाइड ने सेवा का संदेश भी दिया। हाइक त्यूंद्र बाबा मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां श्री गहतोड़ी ने मंदिर के इतिहास तथा हाइक के लाभों और नियमों की जानकारी दी।
शाम को आयोजित कैंप फायर ने पूरे शिविर को सांस्कृतिक रंग दे दिया। कुमारी नैंसी के संचालन और श्री गहतोड़ी के निर्देशन में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। चार दूतों ने अलग-अलग दिशाओं से पहुंचकर दोहों के माध्यम से प्रेरक संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री भूपेंद्र देव ताऊजी रहे, जबकि अध्यक्षता श्रीमती किरण पंगारिया ने की। छात्र आदित्य के भावपूर्ण भाषण ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया।
पांचवें और अंतिम दिन ध्वजावतरण के बाद स्काउट-गाइड ने जागरूकता रैली निकालकर सामाजिक चेतना का संदेश दिया। रैली में श्री जनार्दन गढ़कोटी, श्री हरीश चंद्र गहतोड़ी, श्रीमती किरण पंगारिया और श्रीमती सुमन पुनेठा सहित प्रशिक्षकों ने सहभागिता की। इसके बाद तृतीय सोपान परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले स्काउट-गाइड को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
पांच दिनों तक चले इस शिविर ने प्रतिभागियों को केवल प्रशिक्षण ही नहीं दिया, बल्कि अनुशासन में रहना, कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेना, प्रकृति के साथ तालमेल बैठाना, सेवा करना और टीम भावना के साथ आगे बढ़ना भी सिखाया। अन्तिम दिवस की शुरुआत सर्वधर्म प्रार्थना के साथ हुई। उत्साह और हर्षोल्लास के बीच शिविर का समापन हुआ और प्रतिभागी स्काउटिंग के इन संस्कारों को अपने जीवन में उतारने के संकल्प के साथ विदा हुए।
( प्रेषक -विश्व प्रकाश मेहरा संवाददाता, भारत स्काउट एंड गाइड उत्तराखंड )

Check Also

हरियाली की नई पहल सिनोला में रोपे गए 50 पौधे

वननेस वन-प्रकृति के साथ समरसता हरित भविष्य की ओर संत निरंकारी मिशन का जन आंदोलन …