Breaking News

सीएम धामी ने 21 किमी की हाफ मैराथन एवं 10 किमी दौड़ का किया फ्लैग ऑफ

देहरादून (सू0वि0) । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पुलिस लाईन रेस कोर्स में ‘देहरादून मैराथन’ में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने 21 किमी की हाफ मैराथन एवं 10 किमी दौड़ का फ्लैग ऑफ किया। आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत रन फॉर यूनिटी एवं रन अगेंस्ट ड्रग थीम पर आधारित उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा देहरादून मैराथन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता एवं नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई। देहरादून मैराथन में हंस फाउण्डेशन द्वारा भी सहयोग दिया गया। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरदार बल्लभ भाई पटेल ने राष्ट्रीय एकता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प के साथ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन राष्ट्रीय एकता में अहम भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि २०२५ तक उत्तराखण्ड को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। नशा से मुक्ति के लिए सबको दृ़ढ़ संकल्प लेना होगा और अन्य लोगों को भी नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना होगा। उन्होंने कहा कि एक अच्छे समाज के लिए सबका स्वस्थ शरीर होना जरूरी है। जीवन के सभी सुख निरोगी काया से ही संभव है। स्वस्थ मन, वचन, एवं कर्म के लिए मनुष्य का निरोगी होगा जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को विश्वगुरू बनाने के लिए सबको अपना योगदान देना होगा। हमारी युवा पीढ़ी जो आने वाले समय में देश के कर्णधार होंगे, उन्हें सही दिशा मिलनी जरूरी है। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि रन फॉर यूनिटी एवं रन अगेंस्ट ड्रग थीम पर आधारित देहरादून मैराथन में १५ हजार से अधिक लोग प्रतिभाग कर रहे हैं। अनेक देशों के एथलीट भी इसमें प्रतिभाग कर रहे हैं। राष्ट्रीय एकता एवं नशा मुक्ति के उद्देश्य से देहरादून मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजान दास, हसं फाउण्डेशन के संस्थापक भोले जी महाराज, माता मंगला, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, बॉलिवुड गायक कैलाश खैर एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Check Also

Grand Employment Fair Organised at Government Postgraduate College, Ranikhet; 112 Candidates Participate

Ranikhet :A grand Employment Fair was organised at Government Postgraduate College, Ranikhet, on November 3, …