Breaking News

कोविड डयूटी में तैनात रहे होमगार्ड जवानों को मिलेंगे 6-6 हजार रुपये: धामी

देहरादून (सू वि)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को तपोवन रोड स्थित होमगार्डस मुख्यालय में आयोजित होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा संगठन के स्थापना दिवस पर भव्य रैतिक परेड कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि कोविड के दौरान लगातार कोविड ड्यूटी में तैनात सभी होमगार्ड्स जवानों को 6000 रूपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान केन्द्रीय प्रशिक्षण संस्थान थानो के छात्रावास तथा जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय, हरिद्वार का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भव्य परेड की सलामी ली और विभागीय स्मारिका का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने होमगार्ड्स तथा नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को उनके कार्यों के प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कोविड ड्यूटी के दौरान दिवंगत होमगार्ड स्व० श्री रोशन सिंह की पत्नी श्रीमती बबीता को 02 लाख रूपये की राशि का चेक प्रदान किया। होमगार्ड श्री राजबहादुर को 01 लाख रूपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि होमगार्ड्स के जवान पूरे समर्पित भाव से जन सेवा और पुलिस को सहयोग करते आ रहे हैं। होमगार्ड्स जवानों को जिस भी मोर्चे पर तैनात किया गया उन्होंने उम्मीद से बढ़कर कार्य कर के दिखाया। उन्होंने कहा कि आवश्यक सेवाओं के सही संचालन से लेकर, किसी भी आपात स्थिति से निपटने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में होमगार्ड्स के जवान उत्कृष्ट योगदान देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा हो या फिर कुंभ का आयोजन होमगार्डस के जवानों की हर स्थिति में भूमिका बेहद अहम रहती है। होमगार्ड्स सुदूर पर्वतीय ग्रामीण अंचलो में भी पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर शान्ति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान होमगार्ड्स के जवानों ने सराहनीय कार्य किया। राज्य में अब होमगार्ड्स के जवानों की संख्या 6500 से और बढ़ाई जा रही है। होमगार्ड्स निदेशालय में समूह-ग के पदों पर होमगार्ड्स को 25 प्रतिशत आरक्षण भी तय किया जा चुका है। फोर्स का सर्वांगीण विकास सरकार की योजनाओं का अहम हिस्सा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, विधायक रायपुर श्री उमेश शर्मा काऊ, अपर मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, डीजीपी श्री अशोक कुमार, जीओसी सबेरिया मेजर जनरल संजीव खत्री, कमांडेंट जनरल होमगार्ड श्री अजय रौतेला एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Check Also

Ranikhet College Empowers Young Women Through “She for STEM – Cohort 2.0”, Inspiring a New Generation of Scientists

Five students selected for the Global STEM Accelerator Programme felicitated by MLA Pramod Nainwal; rural …

Leave a Reply