Breaking News

घायल बच्चे संग ढाई घंटे जाम में फंसी रही एंबुलेंस

रुडकी (संवाददाता)। देर शाम हरिद्वार रोड पर 13 वर्षीय बच्चा सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। परिजन उसे लेकर अस्पताल के लिए निकले, परंतु एंबुलेंस गन्ने के ओवरलोड वाहनों से लगे जाम में फंस गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब ढाई घंटे बाद जाम खुलवाकर एंबुलेंस को अस्पताल के लिए रवाना किया। लक्सर चीनी मिल में पेराई शुरू होने के बाद से कस्बे में लक्सर हरिद्वार हाईवे पर रोजाना भारी जाम लग रहा है। शनिवार शाम को कस्बे के मिल गेट के पास स्थित कालोनी में रहने वाले सचिन कर्णवाल का बेटा वंश (13) दूध लेने पैदल ही घर से थोड़ी दूर गया था। वापसी में किसी अज्ञात बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी और भाग गया। दुर्घटना में वंश का एक पैर बुरी तरह से फ्रैक्चर हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पड़ोस से ही एक एंबुलेंस बुलवाकर वंश को उसमें बिठाया और अस्पताल ले जाने लगे। परंतु कालोनी से बाहर निकलते ही एंबुलेंस गन्ना लदे ओवरलोड वाहनों से लगे जाम में फंस गई। वंश के परिजनों ने पहले वाहनों को हटवाकर एंबुलेंस निकालने की कोशिश की, परंतु कामयाब नहीं हो पाए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर चेतक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और किसी तरह से गन्ने के वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया। इस दौरान एंबुलेंस करीब ढाई घंटे तक घायल बच्चे को लिए जाम में फंसी रही। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए और उसका उपचार कराया। घायल बच्चे के पिता सचिन ने बताया कि फिलहाल उसकी तबीयत ठीक है।

Check Also

Dehradun’s Journey Towards Cleanliness: From Waste Collection to Civic Responsibility

For a city like Dehradun, the capital of Uttarakhand and the gateway to several important …

Leave a Reply