Breaking News

डेढ़ साल बाद चंडीगढ़ जिला बार एसोसिएशन को मिला नया नेतृत्व, एएस गुजराल बने प्रधान

चंडीगढ़। करीब डेढ़ साल से नए नेतृत्व का इंतजार कर रही चंडीगढ़ जिला बार एसोसिएशन को शुक्रवार देर रात नई कार्यकारिणी मिल गई। जिला अदालत परिसर में हुए चुनाव की मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए। अध्यक्ष पद पर एएस गुजराल ने 661 वोट हासिल कर शानदार जीत दर्ज की।

अध्यक्ष पद की दौड़ में गगन अग्रवाल को 450, रविंदर सिंह बस्सी उर्फ जौली को 464 और सुनील नारंग को 327 वोट मिले। गुजराल ने सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए अध्यक्ष पद अपने नाम किया।

उपाध्यक्ष पद पर अभय जोशी का दबदबा रहा। जोशी को 1071 वोट मिले, जबकि धर्मिंदर सिंह को 801 वोट प्राप्त हुए। जोशी ने 270 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की और मतगणना के पहले राउंड से ही बढ़त बनाए रखी।

सचिव पद पर तेजविंदर सिंह गिल ने 1147 वोट हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी नरेश कुमार को 733 वोट मिले।

ज्वाइंट सेक्रेटरी पद पर पुष्पिंदर सिंह ने 836 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर प्रतीक गर्ग 1043 वोट के साथ विजयी रहे। उनके मुकाबले पुनीत छाबड़ा को 867 वोट मिले।

चुनाव परिणाम सामने आने के बाद जिला अदालत परिसर में समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। नई कार्यकारिणी के सामने अधिवक्ताओं के हितों को प्राथमिकता देने और बार की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी होगी।