Breaking News

मोंटफोर्ट स्कूल के 32वें स्थापना दिवस पर स्काउट-गाइड दीक्षा समारोह का भव्य आयोजन

देहरादून।  रूडकी स्थित मोंटफोर्ट स्कूल ने अपना 32वाँ स्थापना दिवस, 26 जुलाई को बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रदर अल्बर्ट अब्राहम ने मुख्य अतिथियों का स्कार्फ पहनाकर, पौधा एवं विद्यालय स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए की।
स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय में स्काउट एवं गाइड का दीक्षा समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत स्काउट एवं गाइड के प्रादेशिक सचिव श्री रविंद्र मोहन काला रहे। उनके साथ श्री राहुल रतूड़ी, श्रीमती कोठारी, जिला सचिव श्री राजेश सैनी, जिला संगठन आयुक्त श्री पुरवेंद्र कुमार शर्मा तथा श्री शशी कुमार शर्मा ने भी समारोह में सहभागिता की।
इस अवसर पर विद्यालय के स्काउट एवं गाइड विद्यार्थियों ने आपदा प्रबंधन से जुड़ी अपनी दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बच्चों ने प्राथमिक उपचार, विभिन्न प्रकार के स्ट्रेचर तैयार करने तथा घायल एवं बीमार व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान तक पहुँचाने की तकनीकों का जीवंत प्रदर्शन कर सभी अतिथियों की सराहना प्राप्त की। विद्यालय के स्काउट बैंड ने भी अपनी शानदार प्रस्तुति से समारोह की शोभा बढ़ाई, जबकि विद्यार्थियों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के स्काउट मास्टर चेतन शर्मा, गाइड कैप्टन सविता प्रसाद, निरमा सिंह, दीपिका गोस्वामी सहित अन्य स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के अनुशासन, सेवा भावना और आपदा प्रबंधन कौशल की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन युवाओं में नेतृत्व, सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

( प्रेषक- विश्व प्रकाश मेहरा स्टेट मीडिया कॉरेस्पोंडेंट, भारत स्काउट एंड गाइड,उत्तराखंड )

Check Also

हरेला पर मुख्यमंत्री ने किया राज्य स्तरीय पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ, जागेश्वर क्षेत्र के लिए कीं आठ बड़ी घोषणाएं

अल्मोड़ा ।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को गरुड़ाबाज मैदान में हरेला पर्व के …