चम्पावत (संवाददाता)। शारदा बैराज के समीप लगी एक दुकान में चोरी करते पकड़े जाने पर एक युवक की दुकानदारों ने धुनाई लगा दी। बाद में उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने पीडि़त दुकानदार की तहरीर पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शारदा घाट निवासी संजय रस्तोगी पुत्र मूलचंद रस्तोगी ने शारदा बैराज पर खिलौने आदि की दुकान लगाई है। आरोप है कि गुरुवार की शाम खच्चर पड़ाव टनकपुर निवासी 21 वर्षीय पवन कुमार पुत्र लाला राम जब दुकान से खिलौने और नगदी चोरी करने का प्रयास करने लगा तो अन्य दुकानदारों ने उसे देख लिया। दुकानदारों ने युवक को पकड़कर उसकी धुनाई लगाई और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस युवक को थाने उठा लाई और दुकानदार संजय रस्तोगी की तहरीर पर उसके खिलाफ 379, 511 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि घटना के बाद बैराज क्षेत्र के दुकानदारों को सतर्क कर संदिग्ध लोगों की जानकारी पुलिस को देने के लिए कहा गया है।
National Warta News