Breaking News

पंजाब के चुनाव अभियान से सिद्धू गायब

यूपी बिहार के भइया चन्नी बोले हइया-हइया

-नेशनल वार्ता ब्यूरो-

कल पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी प्रचार अभियान के जोश में चुनावी मंच से कुछ ऐसा बोल गए जो निंदनीय ही कहा जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार और यूपी के भइया पंजाब आकर पंजाब पर राज करना चाहते हैं। उन्हें उनकी जगह दिखा दो। इस वक्तव्य को सुनकर मंच के लोग हँसने लगे। मंच पर बिराजमान प्रियंका गाँधी भी हँस पड़ीं और दोनों हाथ लहराकर जोर-जोर से तालियाँ पीटने लगीं। उनकी प्रसन्नता देखते ही बनती थी। वे तो ऐसा जता रहीं थीं जैसे चन्नी साहब ने कोई विद्वता दिखा दी हो। चन्नी के इस व्यवहार की व्यापक निंदा हो रही है। भाजपा नेता और सांसद मनोज तिवारी ने अपना आक्रोश प्रकट करते हुए कहा कि अब प्रियंका गाँधी किस मुँह से उत्तर प्रदेश वालों के पास वोट माँगने जाएंगी। विदित रहे कि आज भी पंजाब में चुनाव प्रचार का शोर रहना वाला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी वहाँ आज चुनाव प्रचार पर हैं। वैसे तो पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच मुख्य मुकाबला बताया जा रहा है। परन्तु भाजपा भी अपनी ओर से पूरी ताकत लगा रही है। भाजपा को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कै0 अमरिन्दर सिंह का साथ मिला हुआ है। जिन्होंने कांग्रेस को अलविदा कह दिया था। चुनाव प्रचार में सिद्धू ढीले पड़ गए हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि राहुल गाँधी ने चरणजीत सिंह चन्नी पर भरोसा जताया और सिद्धू को तरजीह नहीं दी।                                                                                                         -सावित्री पुत्र वीर झुग्गीवाला (वीरेन्द्र देव), पत्रकार,देहरादून।


Leave a Reply